बाउंड ओवर का उल्लंघन पड़ा भारी, ग्राम समोदा के सरपंच अरुण गौतम गिरफ्तार, भेजे गए जेल
व्हाट्सएप स्टेटस पर राजस्व अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने का आरोप, पहले भी हो चुकी थी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई


दुर्ग। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करना ग्राम समोदा के सरपंच अरुण गौतम को भारी पड़ गया। पूर्व में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत बाउंड ओवर किए जाने के बावजूद कथित तौर पर दोबारा आपत्तिजनक गतिविधि करने पर पुलगांव पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। दुर्ग पुलिस ने इसे बाउंड ओवर की शर्तों का उल्लंघन करने पर छत्तीसगढ़ में अपनी तरह की पहली कार्रवाई बताया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम समोदा निवासी जितेंद्र देशमुख ने अरुण गौतम के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अरुण गौतम ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर प्रशासनिक राजस्व अधिकारियों के संबंध में आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की थी। शिकायत और अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम), दुर्ग से प्राप्त ज्ञापन के आधार पर पुलगांव थाने में अपराध क्रमांक 950/26 के तहत धारा 296 बीएनएस एवं 67 आईटी एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया। पुलिस के मुताबिक, अरुण गौतम के खिलाफ पहले भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बाउंड ओवर कराया गया था। इसके बावजूद दोबारा ऐसी गतिविधि सामने आने पर पुलिस ने बाउंड ओवर की शर्तों के उल्लंघन को लेकर एसडीएम न्यायालय में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी और मर्यादा के साथ करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि किसी भी व्यक्ति या अधिकारी के संबंध में आपत्तिजनक अथवा कानून का उल्लंघन करने वाली सामग्री पोस्ट करने से बचना चाहिए। प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत किए गए बाउंड ओवर की शर्तों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।