शंकराचार्य अस्पताल की पार्किंग से स्कूटी चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार

चोरी की TVS iQube बेचने के लिए तलाश रही थी ग्राहक, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सेक्टर-4 से पकड़ा, एमओएच हॉस्टल परिसर से स्कूटी बरामद

शंकराचार्य अस्पताल की पार्किंग से स्कूटी चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार

भिलाई। शंकराचार्य अस्पताल, जुनवानी की पार्किंग से स्कूटी चोरी करने वाली 28 वर्षीय महिला को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला चोरी की स्कूटी को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर स्मृतिनगर पुलिस ने महिला स्टाफ के साथ घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में महिला ने स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई TVS iQube स्कूटी बरामद कर जब्त कर ली गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी अमन कुमार गेन्ड्रे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 अक्टूबर 2026 की रात से 31 अक्टूबर की सुबह के बीच उनकी TVS iQube स्कूटी क्रमांक CG 07 DA 7902 शंकराचार्य अस्पताल, जुनवानी की पार्किंग से अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1638/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

चोरी की स्कूटी बेचने ग्राहक तलाश रही थी महिला

विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सेक्टर-4 भिलाई क्षेत्र में एक महिला चोरी की स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक तलाश रही है। सूचना मिलते ही स्मृतिनगर पुलिस की टीम महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंची और संदेही महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में महिला ने शंकराचार्य अस्पताल की पार्किंग से स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया।

एमओएच हॉस्टल परिसर से बरामद हुई स्कूटी

आरोपी महिला की निशानदेही पर पुलिस ने सेक्टर-4, सड़क नंबर 19 स्थित एमओएच हॉस्टल परिसर से चोरी की गई TVS iQube स्कूटी बरामद की। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया। गिरफ्तार महिला की पहचान कु. भोज निषाद (28 वर्ष), निवासी ग्राम बोरसी, शीतला पारा, वार्ड क्रमांक-1, थाना मगरलोड, जिला धमतरी के रूप में हुई है। वह वर्तमान में सेक्टर-4, सड़क नंबर 19 स्थित एमओएच हॉस्टल में रह रही थी।

पुलिस ने आरोपी महिला को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।