प्लेन से टकराया पक्षी, बाल-बाल बचे 175 यात्री, करनी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

रांची। सोमवार दोपहर को पटना से रांची आ रही इंडिगो की एक फ्लाइटआपात स्थिति में लैंडिंग करनी पड़ी। रनवे से करीब 10 से 12 नॉटिकल माइल दूर और 3,000 से 4,000 फीट की ऊंचाई पर विमान एक पक्षी से टकरा गया। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची के निदेशक आर.आर. मौर्य के अनुसार इंडिगो फ्लाइट संख्या (Airbus A320) को दोपहर 1:14 बजे इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में लगभग 175 यात्री सवार थे, जो सभी सुरक्षित हैं। हालांकि, विमान को पक्षी से टकराने के कारण बाहरी हिस्से में डेंट लगा है। घटना के बाद उसकी आगे की उड़ान फिलहाल स्थगित कर दी गई है। इंडिगो की ओर से अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।