डोंगरगढ़ पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए कुम्हारी से अंजोरा बाईपास तक बनेगा सुरक्षित कॉरिडोर
11 से 19 अक्टूबर तक 24 घंटे तैनात रहेंगे तीन पेट्रोलिंग वाहन, नवरात्रि में दुर्ग शहर और सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर यातायात डायवर्शन लागू

भिलाई-दुर्ग। शारदीय नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ जाने वाले पदयात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए दुर्ग यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। कुम्हारी टोल प्लाजा से अंजोरा बाईपास तक पदयात्रियों के लिए सुरक्षित कॉरिडोर निर्धारित किया गया है। 11 से 19 अक्टूबर तक इस मार्ग पर तीन पेट्रोलिंग वाहन 24 घंटे तैनात रहेंगे। लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं को सड़क के बाईं ओर चलने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी जाएगी। इसके अलावा मार्ग में अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र भी बनाए जाएंगे।
निर्धारित मार्ग से करनी होगी पदयात्रा
यातायात पुलिस ने डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित मार्ग जारी किया है। पदयात्री कुम्हारी टोल प्लाजा से सिरसा गेट चौक, डबरापारा तिराहा, खुर्सीपार तिराहा, पावर हाउस अंडरब्रिज, मुर्गा चौक, सेंट्रल एवेन्यू, सेक्टर-9 चौक, ठगड़ा बांध ओवरब्रिज, जेल तिराहा, गौरव पथ, गांधी पुतला, पटेल चौक, गंजपारा, पुलगांव चौक, शिवनाथ नदी ब्रिज और अंजोरा बाईपास होते हुए राजनांदगांव के रास्ते डोंगरगढ़ पहुंच सकेंगे।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करने और हाईवे पर पैदल चलते समय सर्विस लेन को प्राथमिकता देने की अपील की है।
सेंट्रल एवेन्यू में चारपहिया वाहनों का डायवर्शन
नवरात्रि के दौरान सेक्टर क्षेत्र में यातायात का दबाव नियंत्रित करने के लिए सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर डायवर्शन लागू रहेगा। पावर हाउस अंडरब्रिज से मुर्गा चौक और सेंट्रल एवेन्यू की ओर जाने वाले चारपहिया वाहनों को फॉरेस्ट एवेन्यू एवं गैरेज रोड की ओर भेजा जाएगा। इसी तरह दुर्ग से सेंट्रल एवेन्यू आने वाले चारपहिया वाहनों को सेक्टर-9 चौक से फॉरेस्ट एवेन्यू और गैरेज रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
रात में भारी और मध्यम वाहनों की नो-एंट्री
दुर्ग शहर में रात्रिकालीन यातायात व्यवस्था के तहत भारी और मध्यम वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलगांव चौक, पोटिया चौक, महाराजा चौक, जेल तिराहा, गुरुद्वारा तिराहा, धमधा रोड और नयापारा से दुर्ग शहर की ओर आने वाले मार्गों पर प्रतिबंध लागू रहेगा।
गंजपारा दुर्गा पंडाल के पास रात में पुलिस लाइन और गंजपारा की ओर से आने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को गंज मंडी के पीछे से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, पुलगांव चौक से आने वाली बसों को महाराजा चौक और जेल तिराहा होते हुए बस स्टैंड भेजा जाएगा। दुर्ग बस स्टैंड से पुलगांव जाने वाली बसों को भी इसी मार्ग का उपयोग करना होगा।
पदयात्रियों से सावधानी बरतने की अपील
यातायात पुलिस ने पदयात्रियों को रात में गहरे रंग के कपड़े पहनने से बचने और चमकीले या रिफ्लेक्टिव कपड़े पहनने की सलाह दी है। श्रद्धालुओं से बैग पर रेडियम स्टीकर लगाने, सड़क के बिल्कुल किनारे बाईं ओर चलने और सड़क पर बैठकर या उसके किनारे विश्राम नहीं करने की अपील की गई है। देर रात यात्रा शुरू करने से बचने और प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग का पालन करने पर भी जोर दिया गया है।
वाहन चालक भी रखें सुरक्षा का ध्यान
पुलिस ने वाहन चालकों से पर्याप्त नींद लेने के बाद ही वाहन चलाने, थकान या नशे की स्थिति में ड्राइविंग नहीं करने और क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने की अपील की है। मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाने पर भी रोक संबंधी निर्देश दिए गए हैं। रात में लो-बीम पर वाहन चलाने और सड़क पर अनधिकृत पार्किंग से बचने की सलाह दी गई है।