कुएं से मिला था युवक का कटा हुआ सिर, पत्नी समेत दो आरोपी गिरफ्तार

कुएं से मिला था युवक का कटा हुआ सिर, पत्नी समेत दो आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर। डौरा चौकी पुलिस ने हत्या के एक मामले का चंद घंटों के भीतर खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूर्व नियोजित तरीके से युवक की हत्या कर शव के सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 बजे ग्राम कोटडीह निवासी अमीम अंसारी (56) ने डौरा चौकी पहुंचकर अपने भाई वसीम अंसारी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि वसीम अपनी एक्टिवा स्कूटी से गांव जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।

परिजनों और आसपास के लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद 3 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे वसीम की एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG15CQ3388 मक्का बाड़ी के पास मिली। काफी तलाश के बाद भी वसीम का पता नहीं चला। मामले में डौरा चौकी पुलिस ने अपराध क्रमांक 47/2026, धारा 140(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों से पुलिस को सूचना मिली कि चिल्का गांव के जंगल में नाला के पास एक गड्ढे में किसी व्यक्ति का कटा हुआ सिर पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और गुम इंसान वसीम अंसारी के भाई से पहचान व तस्दीक कराई गई। इसके बाद संदेहियों से पूछताछ शुरू की गई।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मनबासो, जो मृतक वसीम अंसारी से पूर्व से अवैध संबंध रखती थी, और उसके पति सोनू खैरवार ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे मनबासो ने वसीम को मोबाइल फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। वसीम के वहां पहुंचने के बाद मनबासो और उसके पति सोनू ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद अपराध छिपाने के लिए शव के सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में अपराध स्वीकार किए जाने के बाद मनबासो और उसके पति सोनू खैरवार को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लापता होने की सूचना मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझा ली गई।