रिश्वत लेते GST अधिकारी अंचला गिरी गिरफ्तार, घर के बाहर नाली में मिले नोटों के बंडल
स्क्रैप कारोबारी से गाड़ी छुड़ाने के एवज में मांगी थी डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत, ACB ने इमरान मेमन को भी किया गिरफ्तार

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए GST अधिकारी अंचला गिरी को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारी पर एक स्क्रैप कारोबारी से उसकी गाड़ी छुड़ाने के बदले डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। जगदलपुर ACB की टीम ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए अधिकारी को गिरफ्तार किया। इस दौरान उनके घर के बाहर स्थित नाली से नोटों के बंडल भी बरामद किए गए।
मामले की शुरुआत स्क्रैप कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज की शिकायत से हुई। कारोबारी ने ACB अधिकारियों से संपर्क कर GST अधिकारी अंचला गिरी के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, 18 नवंबर को उनकी स्क्रैप से लदी गाड़ी को रोक लिया गया था। उनका दावा था कि गाड़ी में माल से संबंधित बिल मौजूद होने के बावजूद उसे रोका गया।
कारोबारी ने आरोप लगाया कि अंचला गिरी ने गाड़ी पर 10 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाने की बात कही थी, जबकि उसमें लोड किए गए माल की कुल कीमत करीब 3 लाख रुपये थी। कारोबारी का यह भी आरोप है कि अधिकारी ने गाड़ी जब्त करने और अन्य कानूनी कार्रवाई करने की धमकी दी थी।
दो लाख से शुरू हुई मांग, डेढ़ लाख में तय हुआ सौदा
शिकायत के अनुसार, मामले को निपटाने के एवज में अधिकारी ने शुरुआत में 2 लाख रुपये की मांग की थी। बाद में डेढ़ लाख रुपये में बात तय हुई। इसमें से 50 हजार रुपये पेनाल्टी के रूप में जमा कराने और शेष रकम अधिकारी के घर पहुंचाने की बात हुई थी।
रिश्वत की रकम लेने में इमरान मेमन की भूमिका
ACB की जांच में इमरान मेमन (30), निवासी संजयनगर कांकेर, की भूमिका भी सामने आई। आरोप है कि अंचला गिरी ने कारोबारी से रिश्वत की रकम इमरान मेमन के माध्यम से ली थी। ACB ने कार्रवाई के दौरान इमरान मेमन को भी गिरफ्तार कर लिया है।
घर के बाहर नाली में मिले नोटों के बंडल
कार्रवाई के दौरान ACB की टीम ने अंचला गिरी के घर पर छापा मारा। इस दौरान घर के बाहर नाली में नोटों के बंडल बरामद हुए। टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। इमरान मेमन के खिलाफ भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है।