चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक कार में आग, सिलेंडर ब्लास्ट से 6 की मौत, 3 गंभीर

मध्यप्रदेश के इंदौर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बंगाली चौराहे के पास एक कॉलोनी में बुधवार तड़के भीषण आग लगने से 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

बताया जा रहा है कि घर के बाहर खड़ी इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी हुई थी। सुबह करीब 4 बजे शॉर्ट सर्किट होने से कार में आग लग गई। आग तेजी से फैलते हुए पूरे मकान तक पहुंच गई। घर के अंदर रखे गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गए और एक के बाद एक कई धमाके हुए। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि मकान का एक हिस्सा ढह गया।

घटना के समय घर में पारिवारिक कार्यक्रम चल रहा था, जिसके कारण कई लोग अंदर सो रहे थे और उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। शुरुआती कार्रवाई में तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
