पत्नी की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया, आत्महत्या दिखाने की कोशिश
मोबाइल पर दूसरे युवक से बातचीत को लेकर हुआ था विवाद, मर्ग जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज; आरोपी पति गिरफ्तार

धमतरी। भखारा थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के पति विवेक ध्रुव उर्फ गोलू (30) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर हत्या में इस्तेमाल नायलॉन की रस्सी भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार भखारा थाने में मर्ग क्रमांक 47/2026 की जांच के दौरान मृतका वीणा ध्रुव की मौत संदिग्ध पाई गई। पुलिस ने परिजनों और गवाहों के बयान दर्ज किए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने मृत्यु की प्रकृति मानववध (Homicidal) बताई। इसके बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 109/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के पति विवेक ध्रुव से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने पत्नी द्वारा मोबाइल पर किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने की बात को लेकर विवाद होने की जानकारी दी। इसी विवाद और क्षोभ में आरोपी ने 4 सितंबर की शाम करीब 5 बजे कमरे में कपड़े सुखाने के लिए इस्तेमाल होने वाली नायलॉन की रस्सी से पत्नी का गला घोंट दिया।
हत्या के बाद शव को फांसी पर लटकाया
पुलिस के मुताबिक पत्नी की मौत के बाद आरोपी ने घटना छिपाने और इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटकाने का प्रयास किया। शुरुआत में मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ, लेकिन मर्ग जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की।
आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने उसके कमरे में बिस्तर के नीचे से नायलॉन की रस्सी बरामद कर जब्त की। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विवेक ध्रुव उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच वैज्ञानिक और साक्ष्य आधारित तरीके से की जा रही है।
