वाहन नहीं देने पर आधी रात घर में घुसे युवक, महिला समेत परिवार पर हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

वाहन नहीं देने पर आधी रात घर में घुसे युवक, महिला समेत परिवार पर हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में वाहन नहीं देने की बात को लेकर एक महिला के घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और तोड़फोड़ करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम सेहराडाबरी निवासी श्रीमती प्रीति साहू (34) ने अर्जुनी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 जून 2026 की रात करीब 9 बजे आरोपी उमेश साहू उसके घर वाहन मांगने आया था। वाहन देने से मना करने पर वह नाराज होकर वहां से चला गया।

शिकायत के मुताबिक उसी रात करीब 12 बजे देवेंद्र साहू, उमेश साहू उर्फ छोटू और प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस एक राय होकर जबरन घर में घुस गए। आरोपियों ने महिला और उसके परिवार के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उमेश साहू ने लकड़ी के डंडे से हमला कर मनोज साहू और नीलिमा साहू को चोट पहुंचाई।

आरोपियों ने घर के दरवाजे, खिड़कियां, बिजली मीटर, गमले, कुर्सी और मोटरसाइकिल में भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया, जिससे परिवार में भय का माहौल बन गया।

प्रार्थिया की रिपोर्ट पर अर्जुनी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 77/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपियों की संलिप्तता प्रमाणित होने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में देवेंद्र साहू (22), उमेश साहू उर्फ छोटू (22) और प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस (18) शामिल हैं। तीनों ग्राम सेहराडाबरी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को लेकर पुलिस ने कहा है कि महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, मारपीट और कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।