ईमानदारी और समाजसेवा की मिसाल थे पीतांबर लाल यादव, निधन से गांव में शोक

दुर्ग। ग्राम निकुम निवासी वरिष्ठ समाजसेवी पीतांबर लाल यादव का 9 नवंबर 2026 को निधन हो गया। उनके निधन की खबर से ग्राम निकुम सहित यादव समाज में शोक की लहर है।
स्वर्गीय पीतांबर लाल यादव का जन्म 18 दिसंबर 1953 को हुआ था। वे ग्राम निकुम के मूल निवासी थे। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा तिल्दा-निकुम स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद हायर सेकेंडरी की पढ़ाई महामाया गांधी स्कूल, दुर्ग से पूरी की। उन्होंने दुर्ग से आईटीआई की शिक्षा भी हासिल की।
शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने मध्यप्रदेश शासन के राज्य परिवहन विभाग में मैकेनिक के पद पर अपनी सेवाएं दीं। अपने पूरे सेवाकाल में उन्होंने ईमानदारी और निष्ठा के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। सेवानिवृत्ति के बाद वे अपने पैतृक गांव निकुम में रहने लगे और यादव समाज की सेवा में जुट गए।
समाज के प्रति उनके समर्पण और योगदान को देखते हुए उन्हें यादव समाज के सरपंच के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने पांच वर्षों तक इस पद पर रहते हुए समाज को संगठित करने और सामाजिक उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। गांव और समाज के विकास में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उनका जीवन ईमानदारी, सादगी और समाजसेवा का उदाहरण रहा। उनके निधन से ग्राम निकुम एवं यादव समाज ने एक समर्पित समाजसेवी को खो दिया है। स्वर्गीय पीतांबर लाल यादव का दशगात्र कार्यक्रम 13 नवंबर 2026, शुक्रवार को आयोजित किया जाएगा। सरपंच भागवतराम पटेल सहित ग्रामीणों ने श्रद्धांजलि व्यक्त की है।