बस से 11.33 किलो गांजा बरामद, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

धमतरी। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यात्री बस से 11.33 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में मध्यप्रदेश के देवास जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, मोबाइल फोन और नगदी समेत कुल 2 लाख 32 हजार 350 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को थाना बोराई पुलिस द्वारा बैरियर नाका बोराई के पास संदिग्ध वाहनों और यात्रियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान उड़ीसा से धमतरी की ओर आ रही यात्री बस क्रमांक CG 04 EA 2476 को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान बस में सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों के कब्जे से गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल वर्मा (26), पिता राजेश वर्मा, निवासी सतवास, जिला देवास (मप्र) और मोहित गोदरा (28), पिता प्रेमनारायण, निवासी गोलागुठान, थाना सतवास, जिला देवास (मप्र) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 11.33 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 2.20 लाख रुपये है, दो मोबाइल फोन कीमत करीब 10 हजार रुपये और 2,350 रुपये नगद बरामद किए। कुल जब्ती की कीमत 2 लाख 32 हजार 350 रुपये बताई गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बोराई में अपराध क्रमांक 16/26 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
