“ऑपरेशन तलाश” में पुलिस की बड़ी सफलता, एक महीने में 74 गुमशुदा लोगों को खोजा

धमतरी पुलिस ने “ऑपरेशन तलाश” अभियान के तहत एक महीने में 74 गुमशुदा लोगों को सकुशल खोजकर बड़ी सफलता हासिल की है। इस उपलब्धि के साथ जिला प्रदेश के शीर्ष प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल हो गया है।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक जिलेभर में “ऑपरेशन तलाश” चलाया गया। इस अभियान के दौरान 74 गुमशुदा व्यक्तियों को दस्तयाब किया गया, जिनमें 62 वयस्क और 12 नाबालिग शामिल हैं। सभी नाबालिगों को सुरक्षित उनके परिजनों को सौंप दिया गया, जिससे परिवारों में खुशी का माहौल है।

पिछले साल अप्रैल में 52 लोगों की बरामदगी हुई थी, जबकि इस साल 42 प्रतिशत अधिक सफलता दर्ज की गई है। जिले के सभी 14 थानों और 2 चौकियों के समन्वित प्रयास से यह उपलब्धि हासिल हुई। प्रदर्शन के आधार पर चौकी बिरेझर को प्रथम, थाना भखारा को द्वितीय और थाना कुरूद को तृतीय स्थान मिला। पुलिस ने गुमशुदा लोगों की तलाश में फील्ड विजिट, संदिग्धों से पूछताछ, होटल-लॉज, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन की जांच के साथ-साथ सोशल मीडिया और तकनीकी संसाधनों का भी उपयोग किया।

अभियान को सफल बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास, श्रम, समाज कल्याण, शिक्षा और पंचायत विभाग के साथ समन्वय कर रणनीति तैयार की गई। नाबालिगों के मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतते हुए काउंसलिंग और पुनर्वास पर भी ध्यान दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने इस सफलता पर टीम की सराहना करते हुए निर्देश दिए हैं कि गुमशुदगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई, परिवार से लगातार संपर्क और सूचना तंत्र को और मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में भी ऐसे मामलों में जल्द सफलता मिल सके।

