नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को उम्रकैद, पॉक्सो कोर्ट का बड़ा फैसला
धमतरी की POCSO कोर्ट ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपी राकेश मंडावी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। धमतरी पुलिस की प्रभावी विवेचना के चलते आरोपी दोषी सिद्ध हुआ। न्यायालय ने 5 हजार रुपये अर्थदंड और पीड़िता को प्रतिकर देने के भी निर्देश दिए हैं।

धमतरी। महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की दिशा में धमतरी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में विशेष पॉक्सो न्यायालय ने आरोपी को दोषी करार देते हुए शेष प्राकृतिक जीवनकाल तक आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने आरोपी पर अर्थदंड भी लगाया है, जबकि पीड़िता को प्रतिकर राशि देने का आदेश भी दिया गया है।
यह मामला थाना केरेगांव क्षेत्र के अपराध क्रमांक 20/2025 से जुड़ा है। विशेष दांडिक प्रकरण (POCSO) क्रमांक 54/2025 की सुनवाई करते हुए माननीय अपर सत्र न्यायाधीश (एफटीसी/POCSO), धमतरी ने आरोपी राकेश मंडावी (28 वर्ष) निवासी ग्राम सियादेही, थाना केरेगांव को दोषी ठहराया। न्यायालय ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत 7 वर्ष का सश्रम कारावास, धारा 87 के तहत 10 वर्ष का सश्रम कारावास तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत शेष प्राकृतिक जीवनकाल तक आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही आरोपी पर कुल 5 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी। कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया कि आरोपी की ओर से जमा कराई गई 7 हजार रुपये की राशि पीड़िता को उसके अभिभावक के माध्यम से प्रतिकर के रूप में प्रदान की जाए। इस मामले की विवेचना तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक टुमन लाल टडसेना ने की थी। उन्होंने वैज्ञानिक और विधिसम्मत तरीके से साक्ष्य एकत्र कर आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया, जिसके आधार पर अभियोजन पक्ष आरोपी का अपराध सिद्ध कराने में सफल रहा।

धमतरी पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने उत्कृष्ट एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना के लिए निरीक्षक टुमन लाल टडसेना को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में धमतरी पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्रवाई जारी रहेगी। इस फैसले को महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ सख्त न्यायिक कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। धमतरी पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में तेजी से विवेचना कर दोषियों को कानून के तहत कठोर सजा दिलाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।