न्यायालय के वारंट पर स्मृतिनगर पुलिस की कार्रवाई, तीन वारंटी गिरफ्तार
लेवी, गिरफ्तारी और स्थायी वारंट से जुड़े आरोपियों को पकड़ा; संबंधित न्यायालयों के समक्ष किया गया पेश

भिलाई। न्यायालय से जारी वारंटों की तामीली के लिए दुर्ग पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे तीन वारंटियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक लेवी वारंट, एक गिरफ्तारी वारंट और एक स्थायी वारंट से संबंधित आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को विधिवत संबंधित न्यायालयों के समक्ष प्रस्तुत किया।
पुलिस के अनुसार, जिले के विभिन्न न्यायालयों से जारी वारंटों की तामीली सुनिश्चित करने के लिए चौकी स्मृतिनगर की टीम ने वारंटियों की पतासाजी शुरू की थी। इस दौरान मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता से उनके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई गई। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तीनों को पकड़ा गया।
इन तीन वारंटियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने लेवी वारंट के मामले में चेतन जंगेल (45 वर्ष), निवासी आर्य नगर, कोहका को गिरफ्तार किया।
वहीं गिरफ्तारी वारंट के मामले में विजय भास्कर (43 वर्ष), निवासी मकान नंबर 22, विद्याविहार, नेहरू नगर पश्चिम को पकड़ा गया। उसके खिलाफ धारा 415 और 430 बीएनएस के तहत मामला उल्लेखित है।
इसके अलावा स्थायी वारंट के मामले में गौतम ठाकुर (21 वर्ष), निवासी स्वामी विवेकानंद स्कूल के पास, सनातन नगर, कोहका को गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 457 से संबंधित प्रकरण है।
पुलिस ने बताया कि तीनों वारंटियों को गिरफ्तारी के बाद संबंधित न्यायालयों के समक्ष पेश किया गया। इस कार्रवाई में चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।