पावर हाउस खंडहर के पास प्रतिबंधित कैप्सूल बेचते आरोपी को पुलिस ने पकड़ा

96 स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल जब्त, मोबाइल, बाइक और नकदी सहित ₹59,400 की सामग्री बरामद

पावर हाउस खंडहर के पास प्रतिबंधित कैप्सूल बेचते आरोपी को पुलिस ने पकड़ा

भिलाई। दुर्ग पुलिस ने प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पावर हाउस खंडहर के पास से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना छावनी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर छापेमारी कर आरोपी के कब्जे से स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस के 96 कैप्सूल बरामद किए। पुलिस ने कैप्सूल के साथ मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और नकदी समेत कुल 59,400 रुपये की सामग्री जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को थाना छावनी पुलिस को सूचना मिली थी कि भिलाई के पावर हाउस खंडहर के पास एक व्यक्ति प्रतिबंधित स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल बेच रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद थाना छावनी और एसीसीयू की टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी और मौके से संदिग्ध को पकड़ लिया।

12 स्ट्रीप में मिले 96 कैप्सूल

पूछताछ में आरोपी की पहचान रेशम सिंह (36 वर्ष), निवासी सेक्टर-11, खुर्सीपार, भिलाई के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से 12 स्ट्रीप में रखे कुल 96 कैप्सूल जब्त किए, जिनकी अनुमानित कीमत 38,400 रुपये बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने 5,000 रुपये कीमत का एआई प्लस मोबाइल फोन, 15,000 रुपये कीमत की सीबीजेड मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 एलवाई 2329 और 1,000 रुपये नकद बरामद किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 59,400 रुपये आंकी गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना छावनी में अपराध क्रमांक 749/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22/8(ख) में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। आरोपी को न्यायालय, दुर्ग के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।