हनुमान जयंती के भंडारे में चाकूबाजी, हत्या के प्रयास का फरार आरोपी गिरफ्तार

हनुमान जयंती के भंडारे में चाकूबाजी, हत्या के प्रयास का फरार आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। हनुमान जयंती के अवसर पर आयोजित भंडारे और प्रसाद वितरण कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद में युवक पर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में सुपेला पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 28 अक्टूबर को संदिग्ध व्यक्तियों और स्थानों की जांच के दौरान आरोपी को उसके घर से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 12 अप्रैल 2025 की रात करीब 8:45 बजे की है। मोहल्ले में हनुमान जयंती के अवसर पर भंडारा और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान चिन्ना उर्फ सचिन सोनकर, सौरभ उर्फ लालु मेश्राम और आकाश केसरवानी वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया।

विवाद के दौरान संदीप बघेल ने जब उन्हें मना किया, तो आकाश केसरवानी ने उसके साथ मारपीट की और उसे पकड़ लिया। इसी बीच सौरभ उर्फ लालु मेश्राम ने कथित तौर पर धारदार चाकू से संदीप के बाएं हाथ की कलाई पर हमला कर दिया। वहीं, चिन्ना उर्फ सचिन सोनकर ने बटनदार चाकू से उसके दाहिने हाथ की भुजा के पास वार किया। हमले में संदीप को गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद भरत गिरी की रिपोर्ट पर सुपेला थाने में अपराध क्रमांक 381/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 296 और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रकरण में आकाश केसरवानी और चिन्ना उर्फ सचिन सोनकर को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है।

मामले में फरार चल रहे सौरभ उर्फ लालु मेश्राम की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। आखिरकार 28 अक्टूबर को पुलिस ने उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 23 वर्षीय सौरभ उर्फ लालु मेश्राम, निवासी अवंती बाई चौक के पास, पुरानी बस्ती कोहका, थाना सुपेला, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।