तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदलेगा, ‘सेवा ज्योति संकल्प’ के तहत होगा विकास: मुख्यमंत्री साय
नाम परिवर्तन की चर्चाओं पर मुख्यमंत्री ने किया स्थिति स्पष्ट, दुर्ग में आज जारी होगी महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर चल रही चर्चाओं पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलीबांधा चौक का नाम बदला नहीं जा रहा है। चौक का नाम पहले की तरह यथावत रहेगा और उसके मूल स्वरूप में भी किसी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने मीडिया से चर्चा के दौरान बताया कि प्रदेश में 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के तहत विकसित किए जाने की घोषणा की गई है। इनमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका मतलब चौक का नाम बदलना नहीं है। तेलीबांधा चौक को केवल ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी इस अवसर को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत दुर्ग में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की माताओं और बहनों के लिए संचालित महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश की सभी माताओं और बहनों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस अवसर पर दुर्ग जिले को विभिन्न विकास और जनकल्याणकारी कार्यों की सौगात भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ छत्तीसगढ़ के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
