गणेश प्रतिमा खरीदने आए युवक को रास्ते में घेरा, मारपीट कर पर्स लूटा

धमतरी में गणेश प्रतिमा खरीदने आए युवक से मारपीट कर लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया। सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर नकदी, दस्तावेज और वारदात में प्रयुक्त बाइक-स्कूटी जब्त की।

गणेश प्रतिमा खरीदने आए युवक को रास्ते में घेरा, मारपीट कर पर्स लूटा

धमतरी। गणेश प्रतिमा खरीदने धमतरी आए एक युवक के साथ रास्ते में मारपीट कर लूट की वारदात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही सक्रिय हुई सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए महत्वपूर्ण दस्तावेज, नकदी रकम और वारदात में इस्तेमाल दो दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, बालोद जिले के ग्राम बोरिदकला निवासी 24 वर्षीय रोहित कुमार यादव 14 सितंबर को अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल से गणेश प्रतिमा खरीदने धमतरी के कुम्हारपारा आ रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे रिसाईपारा म्युनिसिपल स्कूल के पास दो दोपहिया वाहनों में सवार युवकों ने रोहित और उसके साथियों को रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने इसके बाद रोहित के पास रखा पर्स लूट लिया और मौके से फरार हो गए। पर्स में 10 हजार रुपये नकद के अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस और बैंक ऑफ बड़ौदा तथा ग्रामीण बैंक के एटीएम कार्ड रखे हुए थे।

घटना के बाद रोहित ने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने प्रार्थी द्वारा बताए गए आरोपियों के हुलिए, घटनास्थल और विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद रिसाईपारा इलाके में संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और जांच के दौरान दोनों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने राजवीर सिंह उर्फ गिन्नी मेहरा, उम्र 20 वर्ष और राहुल उर्फ रोहित सोना, उम्र 26 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी राजवीर सिंह के कब्जे से 1 हजार रुपये नकद, प्रार्थी के आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस और दो एटीएम कार्ड बरामद किए। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल CG 05 AP 8201 भी जब्त की गई। वहीं दूसरे आरोपी राहुल उर्फ रोहित सोना के कब्जे से 1 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल सुजुकी एक्सेस स्कूटी CG 05 AV 0124 बरामद की गई। इस मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 221/2026 दर्ज कर धारा 296, 306(5), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।