दिवंगत ठेका श्रमिक के परिवार को मिली अनुकम्पा नियुक्ति, बीएसपी वर्कर्स यूनियन की पहल रंग लाई
बीएसपी में हादसे में हुई थी ललित कुमार साहू की मौत, पत्नी निर्मला साहू को मिला नियुक्ति पत्र; ₹1.50 लाख तत्काल सहायता और ₹10 लाख बीमा राशि पर सहमति

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्य के दौरान दुर्घटना में जान गंवाने वाले ठेका श्रमिक ललित कुमार साहू के परिवार को बड़ी राहत मिली है। बीएसपी वर्कर्स यूनियन की पहल और मध्यस्थता के बाद दिवंगत श्रमिक की पत्नी श्रीमती निर्मला साहू को भिलाई इस्पात संयंत्र में अनुकम्पा नियुक्ति दी गई है। सेक्टर-9 मर्चुरी के पास हुई वार्ता के दौरान परिवार को नियुक्ति पत्र भी सौंपा गया।
दुर्घटना के बाद बीएसपी वर्कर्स यूनियन ने मृतक श्रमिक के परिवार के साथ खड़े होकर उनकी समस्याओं और मांगों को प्रबंधन तथा ठेकेदार के समक्ष रखा। इसके बाद प्रबंधन, ठेकेदार, मृतक के परिजनों, ग्रामवासियों और सरपंच के साथ लगातार चर्चा की गई। वार्ता के दौरान परिवार को आर्थिक सहायता, बीमा राशि और शासन तथा नियमानुसार मिलने वाली अन्य सुविधाओं को लेकर सहमति बनी। इसमें सबसे महत्वपूर्ण निर्णय मृतक की पत्नी को अनुकम्पा नियुक्ति देने का रहा। यूनियन की मध्यस्थता से ठेकेदार द्वारा दाह संस्कार के लिए ₹1.50 लाख की आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई गई। वहीं इंश्योरेंस के तहत ₹10 लाख तथा शासन और नियमानुसार मिलने वाली अन्य सुविधाएं परिवार को दिलाने पर भी सहमति बनी। बीएसपी वर्कर्स यूनियन ने कहा कि किसी श्रमिक की दुर्घटना में मौत केवल उसके परिवार की क्षति नहीं, बल्कि पूरे श्रमिक समाज के लिए पीड़ा का विषय है। ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवार को उसके अधिकार दिलाना और उनके भविष्य को सुरक्षित करने का प्रयास यूनियन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
यूनियन अध्यक्ष उज्जवल दत्ता के निर्देश पर ठेका प्रकोष्ठ के कार्यकारी अध्यक्ष अमित बर्मन, महासचिव धनंजय गिरि और उपमहासचिव अभिषेक सिंह ने परिवार के पक्ष में प्रबंधन और ठेकेदार के साथ समन्वय किया। इसके परिणामस्वरूप परिवार को अनुकम्पा नियुक्ति सहित अन्य राहत दिलाने का रास्ता साफ हुआ। इस दौरान प्रबंधन की ओर से महाप्रबंधक कार्मिक संजय द्विवेदी, प्रबंधक आईआर राहुल थोते सहित कार्मिक विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं ग्राम सरपंच राधेश्याम साहू, ग्रामवासी, मृतक के परिवारजन और अन्य संबंधित लोग भी वार्ता में शामिल हुए। बीएसपी वर्कर्स यूनियन ने कहा कि भविष्य में भी किसी श्रमिक के साथ दुर्घटना या विपरीत परिस्थिति उत्पन्न होने पर यूनियन श्रमिक और उसके परिवार के अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी रहेगी।
