स्वाइन फ्लू से दुर्ग-भिलाई जिले में पहली मौत से मचा हड़कंप, 58 मरीजों में 46 डिस्चार्ज, 11 एक्टिव केस

स्वाइन फ्लू से दुर्ग-भिलाई जिले में पहली मौत से मचा हड़कंप, 58 मरीजों में 46 डिस्चार्ज, 11 एक्टिव केस

दुर्ग। दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू ने पहली जान ले ली है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय की 17 सितंबर 2026 की आधिकारिक रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू संक्रमित एक मरीज की मौत दर्ज की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक मरीज का उपचार पं. जवाहरलाल नेहरू अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर, सेक्टर-9, भिलाई में चल रहा था।

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के कुल 58 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 46 मरीज उपचार के बाद डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि वर्तमान में 11 एक्टिव केस हैं। 17 सितंबर को 4 नए मरीज सामने आए, जबकि 8 पुराने मरीज उपचाराधीन थे।

सेक्टर-9 अस्पताल में हुई मौत

रिपोर्ट में सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती मरीज के सामने एक मौत दर्ज है। मौत के कारण के रूप में कार्डियो-पल्मोनरी अरेस्ट उल्लेखित है। रिपोर्ट में मरीज की कॉमोरबिडिटी के तौर पर DM यानी डायबिटीज मेलिटस भी दर्ज किया गया है।

12 मरीज अस्पतालों में भर्ती, 5 होम आइसोलेशन में

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार 17 सितंबर को जिले में कुल 12 मरीज भर्ती थे। इनमें 4 नए और 8 पुराने मरीज शामिल हैं। इसके अलावा 5 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। अलग-अलग अस्पतालों से अब तक कुल 46 मरीज डिस्चार्ज किए जा चुके हैं।