ओजोन परत संरक्षण के लिए जागरूकता, 75 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

जेके लक्ष्मी सीमेंट के सीएसआर कौशल विकास केंद्र में ओजोन क्विज और भाषण प्रतियोगिता आयोजित

ओजोन परत संरक्षण के लिए जागरूकता, 75 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

नंदिनी-अहिवारा। अंतरराष्ट्रीय ओजोन परत संरक्षण दिवस के अवसर पर जेके लक्ष्मी सीमेंट लिमिटेड की ओर से 16 सितंबर को अहिवारा स्थित सीएसआर कौशल विकास केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को ओजोन परत के संरक्षण और पर्यावरण पर इसके प्रभावों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान जेके लक्ष्मी सीमेंट के पर्यावरण विभाग के पर्यावरण अधिकारी ने विद्यार्थियों को इस वर्ष की थीम ‘Global Action for a Cooler Planet’ के बारे में जानकारी दी। उन्होंने ओजोन परत को नुकसान पहुंचाने वाले विभिन्न कारकों और इसके संरक्षण की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि ओजोन परत पृथ्वी को सूर्य से आने वाली हानिकारक पराबैंगनी किरणों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ओजोन परत के क्षरण से इन किरणों का प्रभाव बढ़ सकता है, जिससे मनुष्यों के साथ-साथ जीव-जंतुओं और पेड़-पौधों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने पराबैंगनी किरणों के अत्यधिक संपर्क से होने वाली त्वचा संबंधी बीमारियों और कैंसर जैसी स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी।

75 विद्यार्थियों ने लिया प्रतियोगिताओं में हिस्सा

जागरूकता कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के लिए ओजोन क्विज और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें स्कूली एवं महाविद्यालयीन स्तर के करीब 75 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने ओजोन परत से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी जानकारी और विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण अधिकारी से ओजोन परत और इसके संरक्षण से संबंधित सवाल भी पूछे। पर्यावरण अधिकारी ने विद्यार्थियों के प्रश्नों के जवाब देते हुए ओजोन संरक्षण के लिए व्यक्तिगत और सामूहिक स्तर पर किए जा सकने वाले प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने ओजोन परत के संरक्षण की शपथ भी ली। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कर्मचारियों से भी संरक्षण में सहयोग की अपील

अंतरराष्ट्रीय ओजोन परत संरक्षण दिवस के अवसर पर जेके लक्ष्मी सीमेंट लिमिटेड के संयंत्र प्रमुख राजपाल सिंह ने संयंत्र के कर्मचारियों और श्रमिकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में ओजोन परत के संरक्षण के लिए सहयोग करने और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की। कार्यक्रम में जेके लक्ष्मी सीमेंट लिमिटेड के पर्यावरण विभाग और सीएसआर विभाग की टीम के सदस्य उपस्थित रहे।