डीमैट खाता खोलकर शेयर जमा करने का झांसा, 15 लाख की धोखाधड़ी

शेयर ट्रेडिंग और गोल्ड लोन के नाम पर ठगी का आरोप, छावनी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

डीमैट खाता खोलकर शेयर जमा करने का झांसा, 15 लाख की धोखाधड़ी

भिलाई। शेयर ट्रेडिंग और गोल्ड लोन कारोबार के नाम पर 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में छावनी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर प्रार्थी की पत्नी के नाम पर डीमैट खाता खुलवाकर उसमें शेयर जमा करने का झांसा देने और फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत कर रकम लेने का आरोप है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार मैत्री नगर, रिसाली निवासी अभिषेक जैन ने 17 सितंबर 2026 को थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक मार्च 2024 में आरोपी यतेंद्र सिंह डहरिया उर्फ शिबू ने खुद को मोतीलाल ओसवाल का ब्रोकर और गोल्ड लोन कारोबार से जुड़ा व्यक्ति बताया। आरोपी ने शेयर ट्रेडिंग के लिए प्रार्थी की पत्नी निकिता जैन के नाम पर डीमैट खाता खुलवाया और CDSL में शेयर जमा करने का भरोसा दिलाया।

पुलिस के मुताबिक इसी भरोसे पर आरोपी ने प्रार्थी से 15 लाख रुपये लिए। बाद में शेयर जमा नहीं किए गए और रकम को लेकर विवाद सामने आया। शिकायत में प्रार्थी के परिचित विक्की सिंह संधू, विश्वजीत सिकदार और माधव ताण्डी द्वारा गोल्ड लोन के लिए गिरवी रखे गए आभूषणों को अन्यत्र बेचने से संबंधित आरोपों का भी उल्लेख किया गया है। शिकायत के आधार पर थाना छावनी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी यतेंद्र सिंह डहरिया उर्फ शिबू की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

बिलासपुर का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार आरोपी यतेंद्र सिंह डहरिया उर्फ शिबू (33 वर्ष) समकृष्णनगर, मोपका, चौकी मोपका, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर का निवासी है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर दुर्ग न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार अपराध का तरीका

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खुद को शेयर ट्रेडिंग और गोल्ड लोन कारोबार से जुड़ा बताकर प्रार्थी का विश्वास हासिल किया। इसके बाद पत्नी के नाम पर डीमैट खाता खुलवाया और शेयर जमा करने का वादा कर कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से रकम प्राप्त की। मामले में पुलिस आगे की विवेचना कर रही है।