तालाब के पास नशीले कैप्सूल बेचते दो गिरफ्तार, 416 कैप्सूल जब्त

धमतरी। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत कुरुद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीले कैप्सूल बेचने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 416 नशीले कैप्सूल, दो मोबाइल फोन और 12,300 रुपए नकद, कुल 46,054 रुपए का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, कुरुद थाना क्षेत्र के धोबनी तालाब स्थित शंकर मंदिर के पास नशीले कैप्सूल की बिक्री किए जाने की सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने वहां नशीले कैप्सूल बेचते हुए दो संदिग्धों को पकड़ा।
416 नशीले कैप्सूल बरामद
पुलिस की कार्रवाई 7 सितंबर 2026 की दरमियानी रात की बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रेखराम ध्रुव उर्फ दादू (29), निवासी बैगापारा कुरुद और भानुप्रताप धीवर उर्फ गोलू (42), निवासी धोबनीपारा कुरुद के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 416 नशीले कैप्सूल कीमती 4,754 रुपए, दो मोबाइल फोन कीमती 29 हजार रुपए और 12,300 रुपए नकद बरामद किए। जब्त सामान की कुल कीमत 46,054 रुपए बताई गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कुरुद थाने में अपराध क्रमांक 289/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 22(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और अनैतिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में ऑपरेशन निश्चय के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।
