बिहार में सत्ता का नया चेहरा: सम्राट चौधरी चुने गए एनडीए विधायक दल के नेता, कल लेंगे मुख्यमंत्री पद का शपथ

पटना। बिहार की सियासत में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। विधानसभा के सेंट्रल हॉल में आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें माला पहनाकर बधाई दी। बैठक में एनडीए के सभी विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सम्राट चौधरी के नेता चुने जाने के बाद गठबंधन में उत्साह का माहौल देखा गया और इसे राज्य की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है।

भाजपा नेता नीरज कुमार सिंह ने इस निर्णय पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लंबे समय बाद पार्टी को यह अवसर मिला है। उनके अनुसार, सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार बिहार में विकास की नई दिशा तय करेगी। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने भी खुशी जताते हुए कहा कि सम्राट चौधरी का चयन एक सकारात्मक कदम है। उन्होंने भरोसा जताया कि वे जल्द ही एनडीए के नेता के रूप में भी चुने जाएंगे और मुख्यमंत्री के तौर पर राज्य को आगे ले जाएंगे।

हुसैन ने यह भी कहा कि एनडीए की सरकार पहले भी थी और आगे भी बनी रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सम्राट चौधरी, नीतीश कुमार द्वारा किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे और बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। सम्राट चौधरी के चयन को भाजपा के लिए एक बड़ी राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे राज्य में सत्ता संतुलन और राजनीतिक समीकरणों पर असर पड़ना तय माना जा रहा है।
