धारदार हथियार लेकर राहगीरों को धमका रहा था युवक, पुलिस ने दबोचा; मारपीट में युवक की जांघ पर किया वार, तीन आरोपी गिरफ्तार


दुर्ग। चौकी जेवरा-सिरसा पुलिस ने अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए धारदार हथियार लेकर लोगों को आतंकित करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में युवक से मारपीट कर धारदार हथियार से उसकी जांघ पर वार करने के मामले में मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धारदार हथियार और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
पहले मामले में 9 सितंबर को पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आईआईटी रोड स्थित सारवे होटल के पास एक व्यक्ति धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर जेवरा-सिरसा पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर मुकेश कुमार वर्मा, निवासी अटल आवास उरला, को पकड़ लिया। तलाशी में उसके कब्जे से धारदार लोहे का हथियार बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
दूसरे मामले में 8 सितंबर की शाम करीब 6:30 बजे ट्रांसपोर्ट नगर शराब भट्टी जाने वाली सड़क पर कमलकांत धनकर अपने दोस्त हिमाचल के साथ खड़ा था। इसी दौरान आशीष कुमार वर्मा अपने साथी प्रहलाद उर्फ पाव और एक नाबालिग के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा। नाम गलत पुकारने की बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपियों ने कमलकांत से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आशीष ने धारदार लोहे के हथियार से उसकी जांघ पर वार कर घायल कर दिया।
घटना के बाद पेट्रोलिंग टीम ने मुख्य आरोपी आशीष कुमार वर्मा को मौके से पकड़ लिया। उसके फरार दोनों साथियों की तलाश कर पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया। मामले में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि दूसरे मामले में घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार के साथ CG 07 LH 6867 नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
