अब बड़े पंडालों पर लगेगा शुल्क, MIC की बैठक में कई प्रस्तावों को मंजूरी

अब बड़े पंडालों पर लगेगा शुल्क,  MIC की बैठक में कई प्रस्तावों को मंजूरी

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई की महापौर परिषद की बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता और निगम आयुक्त सुरुचि सिंह की मौजूदगी में हुई बैठक में ठोस कचरा प्रबंधन, पंडालों से शुल्क वसूली, सड़क निर्माण, फूड जोन संचालन और निगम संपत्तियों की सुरक्षा सहित कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई।

बड़े पंडालों पर लगेगा 3.50 रुपये प्रति वर्गफीट शुल्क

बैठक में सार्वजनिक मैदान, फुटपाथ, चौराहों और अन्य खुले स्थानों पर पंडाल या अस्थायी संरचना लगाने को लेकर शासन के निर्देशों के तहत शुल्क निर्धारित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। 5 हजार वर्गफीट तक के पंडालों को अनुमति शुल्क से छूट रहेगी। हालांकि इनमें व्यावसायिक गतिविधि संचालित होने पर शुल्क लिया जाएगा। वहीं 5 हजार वर्गफीट से बड़े पंडालों पर 3.50 रुपये प्रति वर्गफीट की दर से अनुमति शुल्क लिया जाएगा। इसके अलावा 2 हजार रुपये सफाई शुल्क भी देना होगा। सुरक्षा निधि भी ली जाएगी, जिसे नियमों के अनुसार रिफंड किया जा सकेगा। निगम ने यह भी स्पष्ट किया कि पंडालों के कारण सड़क यातायात और आम लोगों के आवागमन में बाधा नहीं आनी चाहिए।

15 हापर टिप्पर की फिर होगी निविदा

सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 15 हापर टिप्पर खरीदने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। महापौर परिषद ने इस संबंध में दोबारा निविदा प्रक्रिया कराने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया।

314.15 लाख से बनेगी रेलवे लाइन के समानांतर सड़क

नेहरू नगर क्षेत्र में भिलाई नगर रेलवे स्टेशन से नेहरू नगर अंडरब्रिज तक रेलवे लाइन के समानांतर सड़क का निर्माण और विद्युतीकरण कराया जाएगा। इस काम पर करीब 314.15 लाख रुपये खर्च होंगे। सड़क निर्माण के बाद क्षेत्र में आवागमन आसान होने के साथ स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

वशिष्ठ नारायण मिश्रा के नाम पर होगा अंडरब्रिज

स्वर्गीय वरिष्ठ पार्षद वशिष्ठ नारायण मिश्रा की स्मृति में चंद्रा-मौर्या टॉकीज अंडरब्रिज का नामकरण करने के प्रस्ताव को MIC ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी। अब प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति के लिए सामान्य सभा के समक्ष भेजा जाएगा।

चंद्रा-मौर्या के सामने बनेगा हाईजिनिक फूड जोन

चंद्रा-मौर्या के सामने निर्माणाधीन हाईजिनिक फूड जोन के संचालन, अनुरक्षण और राजस्व साझेदारी के लिए रुचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। निगम का उद्देश्य फूड जोन का बेहतर संचालन करने के साथ लोगों को स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है।

मांगलिक भवन किराये पर देने की तैयारी

जोन क्रमांक-3 के संतोषी पारा स्थित डॉ. बी.आर. अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन को संचालन, प्रबंधन और संधारण के लिए 10 माह की अवधि पर किराये से देने के नियम एवं शर्तों को मंजूरी दी गई। इसके लिए निविदा आमंत्रित करने की अनुमति भी प्रदान की गई। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निगम की संपत्तियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने सुरक्षा गार्ड की निविदा में प्राप्त न्यूनतम दर को स्वीकार कर संबंधित एजेंसी को अनुबंध और कार्यादेश जारी करने की अनुमति दी गई। बैठक में राजस्व अधिकारी की सेवावृद्धि से जुड़े प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। महापौर की बैठक में लक्ष्मीपति राजू, सीजू एन्थोनी, आदित्य सिंह, संदीप निरंकारी, एकांश बंछोर, लाल चंद वर्मा, केशव चौबे, मन्नान गफ्फार खान, चंद्रशेखर गंवई, नेहा साहू, अपर आयुक्त राजेंद्र कुमार दोहरे, उपायुक्त सह जोन आयुक्त डी के कोसरिया, जोन आयुक्त येशा लहरे कुलदीप गुप्ता, अमरनाथ दुबे, कार्यापालन अभियंता अनिल सिंह, अरविन्द शर्मा, नितेश मेश्राम, लेखाधिकारी चंद्रभूषण साहू, राजस्व अधिकारी जेपी तिवारी, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, अशोक देवांगन, विनय शर्मा उपस्थित रहे।