दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू के 17 मरीज मिले, 9 एक्टिव केस

दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू के 17 मरीज मिले, 9 एक्टिव केस

दुर्ग। जिले में स्वाइन फ्लू यानी इन्फ्लुएंजा A/H1N1 के मामले बढ़कर 17 हो गए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय की ओर से 1 सितंबर को जारी जानकारी के अनुसार, 5 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक जिले में स्वाइन फ्लू के कुल 17 पॉजिटिव प्रकरण सामने आए हैं। इनमें वर्तमान में 9 मरीज एक्टिव हैं।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 9 एक्टिव मरीजों में 7 का अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि 2 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई गई है। नए पॉजिटिव मरीज सामने आने पर कांटेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है और नियमित रूप से मरीजों की मॉनिटरिंग की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि स्वाइन फ्लू श्वसन तंत्र का संक्रमण है, जो इन्फ्लुएंजा A वायरस के कारण होता है। इसका संक्रमण संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने और ड्रॉपलेट के जरिए फैल सकता है। संक्रमण का प्रसार सामान्यतः लक्षण शुरू होने के बाद 3 से 5 दिनों तक अन्य लोगों में हो सकता है।

सर्दी, खांसी और बुखार प्रमुख लक्षण

स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षणों में सर्दी, खांसी, बुखार और बदन दर्द शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है।

स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी

विभाग ने लोगों को खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को रूमाल, टिश्यू या कोहनी से ढंकने, बार-बार साबुन-पानी से हाथ धोने या सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने और आंख, नाक व मुंह को बार-बार छूने से बचने की सलाह दी है।

स्वाइन फ्लू से संक्रमित व्यक्ति से उचित दूरी बनाए रखने, पर्याप्त आराम करने, भरपूर पानी पीने और पौष्टिक भोजन लेने की सलाह भी दी गई है। होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों को स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में रहने तथा स्थिति बिगड़ने पर तत्काल अस्पताल पहुंचने को कहा गया है।