खाना नहीं बनाने की बात पर पत्नी की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार
बाहनापथरा गांव में महिला की संदिग्ध मौत का खुलासा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पति को पकड़ा

धमतरी। खाना नहीं बनाने की बात को लेकर हुए विवाद में पत्नी की हत्या करने के मामले में धमतरी पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किए गए हैं।
मामला थाना केरेगांव क्षेत्र के ग्राम बाहनापथरा, कांटाकुर्रीडीह का है। गांव के कोटवार हीरासिंग देवदास ने पुलिस को सूचना दी थी कि कमार डेरा निवासी सत्या बाई कमार घर की परछी में मृत अवस्था में पड़ी हैं। महिला के शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान थे। सूचना मिलने पर केरेगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में मृतका के पति राजकुमार कमार ने बताया कि 25 नवंबर की शाम वह स्टॉप डैम में मछली पकड़ने का जाल देखने गया था। रात करीब 8 बजे घर लौटने पर पत्नी घायल अवस्था में मिली, जिसकी बाद में मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या की पुष्टि
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल धमतरी में कराया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने धारदार और वजनी वस्तु से शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोट पहुंचने को मृत्यु का कारण बताया। इसके बाद पुलिस ने हत्या के संदेह में जांच आगे बढ़ाई। सरपंच सत्यवान ध्रुव, कोटवार और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति से विस्तृत पूछताछ की। पूछताछ में राजकुमार कमार ने बताया कि 25 नवंबर की रात खाना नहीं बनाने की बात पर पत्नी के साथ विवाद हुआ था। विवाद के दौरान उसने पत्नी पर हमला कर हत्या कर दी।
झाड़ियों में छिपाए थे हथियार
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे सफेद बबूल के पेड़ के नीचे झाड़ियों में छिपाकर रखे हथियार बरामद किए। इनमें एक लोहे की टंगिया, एक छुरी और एक तीर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों हथियारों पर खून जैसे दाग पाए गए। मामले में थाना केरेगांव में अपराध क्रमांक 28/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में अपराध दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपी राजकुमार कमार (37), पिता स्व. बालाराम कमार, निवासी ग्राम बाहनापथरा, कांटाकुर्रीडीह, थाना केरेगांव, जिला धमतरी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।