पुलिस का बैंकों में सुरक्षा ऑडिट, सीसीटीवी से लेकर स्ट्रांग रूम तक की जांच

पुलिस का बैंकों में सुरक्षा ऑडिट, सीसीटीवी से लेकर स्ट्रांग रूम तक की जांच

धमतरी। जिले में बैंक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए धमतरी पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर राष्ट्रीयकृत और निजी बैंक शाखाओं का सघन एवं औचक निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिलेभर के थाना और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित बैंकों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान बैंक परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कैमरों की कवरेज, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्डों की तैनाती, मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वारों की सुरक्षा, स्ट्रांग रूम की व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और अन्य सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्हें बैंक परिसर में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने, नकदी परिवहन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा उपकरणों को हमेशा चालू हालत में रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए कहा गया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा गार्डों और बैंक कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं की भी जानकारी दी गई। वहीं जिन बैंक शाखाओं में सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता महसूस हुई, वहां बैंक प्रबंधन को आवश्यक सुझाव देकर जल्द अमल करने के निर्देश दिए गए।

धमतरी पुलिस के अनुसार बैंकों, एटीएम केंद्रों और अन्य वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर इस तरह के औचक निरीक्षण किए जाते हैं। इस अभियान का उद्देश्य संभावित आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना और ग्राहकों के लिए सुरक्षित बैंकिंग वातावरण सुनिश्चित करना है। पुलिस ने कहा है कि जिले में कानून-व्यवस्था और बैंकिंग सुरक्षा को मजबूत बनाए रखने के लिए ऐसे सरप्राइज निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।