आकाशगंगा कॉलोनी में सिलसिलेवार चोरी का खुलासा, अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़

धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मध्यप्रदेश धार का आरोपी गिरफ्तार, तीन साथी फरार

आकाशगंगा कॉलोनी में सिलसिलेवार चोरी का खुलासा, अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़
आकाशगंगा कॉलोनी में सिलसिलेवार चोरी का खुलासा, अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़

धमतरी में आकाशगंगा कॉलोनी में हुई सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जिसमें मध्यप्रदेश के धार जिले का एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके तीन साथी अब भी फरार हैं।

जानकारी के मुताबिक, 7 और 8 फरवरी 2026 की दरमियानी रात आकाशगंगा कॉलोनी के फेज-1 और फेज-2 में चार सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। इन घटनाओं में सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान मिलाकर करीब 1.28 लाख रुपये की चोरी हुई थी। मामले में कोतवाली थाना में चार अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए थे।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी रात 11 बजे से सुबह 3 बजे के बीच बंद मकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसते थे और आराम से पूरे घर की तलाशी लेकर कीमती सामान लेकर फरार हो जाते थे। एक घटना में सीसीटीवी फुटेज में चार संदिग्ध घर में घुसते हुए दिखाई दिए, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच तेज की।

पुलिस ने टावर डंप, सीसीटीवी फुटेज और रूट एनालिसिस के जरिए गिरोह की पहचान की। जांच में यह भी पता चला कि यही गिरोह कोरबा, अंबिकापुर और राजनांदगांव में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है। आरोपी आपस में संपर्क के लिए इंस्टाग्राम चैट का इस्तेमाल करते थे और बेहद सीमित मोबाइल उपयोग करते थे, ताकि पकड़ में न आएं।

विशेष टीम बनाकर मध्यप्रदेश के धार जिले में दबिश दी गई, जहां 9 दिन तक लगातार निगरानी के बाद एक आरोपी दिनेश बवानिया (28) को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार और एक सोने की अंगूठी बरामद की गई है।