आदिवासी महिला से गैंगरेप, घर से उठाकर 3 घंटे तक किया दुष्कर्म; दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

बालोद। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां तीन आरोपियों ने एक आदिवासी महिला को उसके घर से उठाकर ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना 22 फरवरी की रात की बताई जा रही है। पीड़िता ने बालोद थाने में शिकायत दर्ज कराई कि गांव के विकास सिन्हा, रोशन कुमार साहू और कमल कुमार सेन उसे रात करीब 9 बजे घर से उठाकर ले गए। इसके बाद आरोपियों ने रात करीब 12 बजे तक उसके साथ जबरदस्ती सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट भी की। मारपीट में महिला को पेट, बाएं घुटने और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर बालोद थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 107/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 87 और 70(1) के साथ एसटी-एससी एक्ट की धारा 3(2)(वी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में और एसडीओपी बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास सिन्हा और कमल कुमार सेन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर 14 मार्च को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी रोशन कुमार साहू की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।