बड़ी चोरी का पर्दाफाश, सभी 16 आईफोन बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

बड़ी चोरी का पर्दाफाश, सभी 16 आईफोन बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। शहर के गोपी टॉकीज के सामने स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई 16 आईफोन की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सिटी कोतवाली और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है और चोरी गए सभी 16 आईफोन बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के मुताबिक यह चोरी 9 मार्च 2026 की रात गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल शॉप में हुई थी। दुकान संचालक मोहम्मद फारुक ने बताया कि वे रात करीब साढ़े नौ बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब वे दुकान पहुंचे तो शोकेस काउंटर में रखे मोबाइल फोन अस्त-व्यस्त मिले। जांच करने पर पता चला कि दुकान की दूसरी मंजिल के दरवाजे का लॉक तोड़कर चोर अंदर घुसा और ग्राउंड फ्लोर स्थित दुकान से 16 आईफोन और काउंटर में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गया। मामले में सिटी कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की लोकेशन रायपुर में मिली। इसके बाद पुलिस टीम रायपुर पहुंची और रेलवे स्टेशन पर निगरानी शुरू की। इसी दौरान आरोपी ट्रेन से रायगढ़ लौट रहा था, जिसे पुलिस ने चलती ट्रेन में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश चौहान (19 वर्ष) निवासी ग्राम कलमी थाना कोतरारोड़ के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात को स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15 आईफोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं चोरी का एक आईफोन उसके साथी लकेश्वर उर्फ लक्की चंद्रा (21 वर्ष) निवासी सोनूमुड़ा के पास से बरामद हुआ, जिसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है और मामले में आगे की जांच जारी है।