कालाहांडी में माओवादियों ने डाले हथियार, 63.25 लाख के इनामी 11 नक्सलियों ने किया सरेंडर

रायपुर। ओडिशा में माओवादी संगठन को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। कालाहांडी जिले के भवानीपटना में 11 माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इन सभी पर कुल मिलाकर 63 लाख 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले सभी माओवादी रायगढ़ा घुमसार एरिया कमेटी से जुड़े हुए थे और कई नक्सली गतिविधियों में शामिल रहे हैं। सुरक्षा बलों की टीम लंबे समय से इनकी तलाश में जुटी हुई थी।

रविवार को भवानीपटना में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में इन माओवादियों ने अपने हथियार डाल दिए। आत्मसमर्पण के दौरान उन्होंने एके-47, इंसास और एसएलआर समेत कुल 11 हथियार भी पुलिस को सौंपे। गौरतलब है कि इससे पहले 11 मार्च को बस्तर में दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी से जुड़े 108 माओवादी कैडरों ने भी हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण किया था। इन पर कुल 3 करोड़ 29 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वहीं ओडिशा में भी हाल ही में 10 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया था, जिन पर 1 करोड़ 65 लाख 62 हजार रुपये का इनाम था।
