मेडिकल कॉलेज के ICU में भीषण आग, 10 मरीजों की मौत

मेडिकल कॉलेज के ICU में भीषण आग, 10 मरीजों की मौत

कटक। ओडिशा के कटक स्थित सरकारी एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में सोमवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल के ट्रॉमा केयर आईसीयू में लगी भीषण आग में अब तक 10 मरीजों की मौत हो चुकी है।

अधिकारियों के मुताबिक आग सुबह करीब ढाई से तीन बजे के बीच लगी। देखते ही देखते आग ने आईसीयू को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय यहां गंभीर हालत वाले कई मरीजों का इलाज चल रहा था। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान अस्पताल के कर्मचारी, पुलिस और मरीजों के परिजनों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया।

घटना की जानकारी मिलते ही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार सात गंभीर मरीजों की मौत उन्हें दूसरे वार्ड में शिफ्ट करते समय हो गई, जबकि तीन अन्य मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। राज्य सरकार ने इस हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों के इलाज में किसी तरह की कमी न रहने दी जाए।