सेना की आर्टिलरी रेजिमेंट में पहली बार 5 महिला अफसरों को कमीशन

सेना की आर्टिलरी रेजिमेंट में पहली बार 5 महिला अफसरों को कमीशन

नई दिल्ली(एजेंसी)। सेना की आर्टिलरी में  पांच महिला अधिकारियों को पहली बार कमीशन दिया गया है। भारतीय सेना ने महिला अधिकारियों को आर्टिलरी रेजिमेंट में अनुमति देकर महिलाओं की भूमिका का विस्तार किया है, जो सेना की एक प्रमुख शाखा है। 29 अप्रैल को आॅफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (ओटीए) चेन्नई में सफल प्रशिक्षण के बाद पांच महिला अधिकारी आर्टिलरी रेजिमेंट में शामिल हो गई हैं। 
 सेना में महिला अफसरों को उनके पुरुष समकक्षों की तरह समान अवसर और चुनौतियां दी जा रही है। इसी क्रम में आर्टिलरी की रेजिमेंट में पहली बार पांच महिला अफसरों  को कमीशन दिया गया है।  सूत्रों से जानकारी मिली है कि इन युवा महिला अधिकारियों को सभी प्रकार की आर्टिलरी इकाइयों में तैनात किया जा रहा है, जहां उन्हें चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रॉकेट, मीडियम, फील्ड और सर्विलांस एंड टारगेट एक्विजिशन (एसएटीए) और उपकरणों को संभालने के लिए पर्याप्त प्रशिक्षण और एक्सपोजर मिलेगा। पांच महिला अधिकारियों में से तीन उत्तरी सीमाओं पर तैनात इकाइयों में और अन्य दो पश्चिम में चुनौतीपूर्ण स्थानों पर तैनात हैं।

इन महिला अधिकारियों को मिला कमीशन
आर्टिलरी रेजिमेंट में कमीशन पाने वाली महिला सैन्य अधिकारियों में लेफ्टिनेंट महक सैनी को एक एसएटीए रेजिमेंट में, लेफ्टिनेंट साक्षी दुबे और लेफ्टिनेंट अदिति यादव को फील्ड रेजिमेंट में, लेफ्टिनेंट पवित्र मुदगिल को एक मीडियम रेजिमेंट में और लेफ्टिनेंट आकांक्षा को एक रॉकेट रेजिमेंट में कमीशन दिया गया है। इस समारोह में लेफ्टिनेंट जनरल अदोष कुमार, कर्नल कमांडेंट और आर्टिलरी के महानिदेशक (नामित) सहित वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों, अन्य गणमान्य व्यक्तियों और नए कमीशन अधिकारियों के गर्वित परिवार के सदस्यों ने भाग लिया।