परसतराई धान खरीदी केंद्र में पूजा-अर्चना के साथ खरीदी शुरू, पहले दिन दो किसानों ने बेचा 58.80 क्विंटल धान

प्राधिकृत अधिकारी सतीश कुमार साहू ने किया शुभारंभ, समिति में 1082 किसान पंजीकृत

परसतराई धान खरीदी केंद्र में पूजा-अर्चना के साथ खरीदी शुरू, पहले दिन दो किसानों ने बेचा 58.80 क्विंटल धान

अर्जुन्दा। अर्जुन्दा तहसील के सेवा सहकारी समिति मर्यादित परसतराई (पंजीयन क्रमांक 212) में धान खरीदी का शुभारंभ विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ किया गया। समिति के प्राधिकृत अधिकारी सतीश कुमार साहू ने जनपद सदस्य जैताराम साहू एवं समिति प्रबंधक बहादुर पिपरिया की उपस्थिति में भगवान बलराम, छत्तीसगढ़ महतारी तथा कांटा-बांट की पूजा-अर्चना कर धान खरीदी की शुरुआत की।

धान खरीदी के पहले दिन दो किसानों को टोकन जारी किया गया, जिसके तहत कुल 58.80 क्विंटल धान की खरीदी प्रस्तावित रही। ग्राम परसतराई के किसान संतोष कुमार पिता अघनु राम 30 क्विंटल धान लेकर केंद्र पहुंचे, जबकि ग्राम परसवानी के किसान अणेश्वर देवांगन पिता खेलूराम देवांगन ने 28.80 क्विंटल धान विक्रय के लिए लाया।

समिति प्रबंधक बहादुर पिपरिया ने बताया कि सेवा सहकारी समिति परसतराई में अब तक कुल 1082 किसानों का पंजीयन हुआ है। किसानों की सुविधा और व्यवस्थित खरीदी के लिए केंद्र में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

इस अवसर पर ज्ञान देशमुख, राजेंद्र गजेंद्र, टेमन लाल सिन्हा, यामन देशमुख, सुदर्शन सिन्हा, डीगेन्द्र पिपरिया, मुकेश ठाकुर, संजय ठाकुर, राजू लाल साहू, शिव नेताम, ईश्वरी देशमुख, पीताम्बर निषाद, मानस पटेल एवं तखत सिन्हा सहित समिति क्षेत्र के किसान और कर्मचारी उपस्थित रहे।