दुर्ग जिले में प्रशासन की अनदेखी और उदासीनता की वजह से महापुरुषों का हो रहा था अपमान, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कर दिया रंगरोगन

 दुर्ग जिले में प्रशासन की अनदेखी और उदासीनता की वजह से महापुरुषों का हो रहा था अपमान, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कर दिया रंगरोगन

भिलाई। स्थानीय प्रशासन की अनदेखी और उदासीनता की वजह से बिना रंगरोगन के स्थापित किए गए क्रांतिकारियों के प्रतिमाओं को सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रंगरोगन कर दिया है। सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा इसके पूर्व नगर निगम भिलाई के जोन-4 आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए दो दिन के भीतर प्रतिमाओं के रंगरोगन की मांग करते हुए चेतावनी भी दी गई थी। अन्यथा वे अपने खर्च पर रंगरोगन कर उद्घाटन करने की बात कही थी लेकिन निगम प्रशासन द्वारा इस ओर ध्यान न दिए जाने के चलते सामाजिक कार्यकर्ताओं को यह कदम उठाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार नगर निगम द्वारा लाखों रुपए खर्च कर महान क्रांतियों की प्रतिमाएं स्थापित की गई है। प्रतिमाएं स्थापित किए जाने के आज करीब 2 माह बाद भी रंग रोगन नहीं की गई थी। स्थानीय प्रशासन के अवहेलना का दंश इन महान क्रांतिकारियों को झेलना पड़ रहा था। यह अपने आप में महापुरुषों की प्रतिमाओं का अपमान है। इससे लोगों में आक्रोश व्याप्त था। रायपुर जाने वाली मुख्य सड़क मार्ग के सामने पावर हाउस वार्ड-38 सोनिया गांधी नगर वैरागी मोहल्ला में क्रांतिकारी शहीद सुखदेव, शहीद भगत सिंह व शहीद राजगुरू की प्रतिमाओं का निर्माण किया गया है। प्रतिमाएं दुर्दशा का दंश झेलते हुए अपने अनावरण का इंतजार कर रही है। 
कल्याण सेवा जनजागृति संगठन के प्रदेशाध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता सुमन शील ने बताया कि जनता के पैसों से लाखों रुपए खर्च कर वार्ड 38 सोनिया गांधी नगर बैरागी मोहल्ला में शहीद भगत सिंह की प्रतिमा स्थापित करवाई गई थीं जो अब वर्तमान में शहीद भगत सिंह के प्रतिमा का दिशा बदलकर शहीद भगत सिंह के प्रतिमा के आजू बाजू शहीद सुखदेव व शहीद राजगुरु की प्रतिमा को 2 महीने से अधिक समय से आधा अधूरा रंग रोपण कार्य कर छोड़ दिया गया है। लगातार प्रशासन की अनदेखी और उदासीनता की वजह से महापुरुषों की प्रतिमाओं का अपमान हो रहा था। उनकी प्रतिमा का रंगरोपण नहीं हो पाना दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कल्याण सेवा जनजागृति संगठन के प्रदेशाध्यक्ष सुमन शील ने जोन 4 के निगम जोन आयुक्त पूजा पिल्ले से मिलकर 2 दिन के भीतर शहीद सुखदेव, शहीद राजगुरु के अपमानित प्रतिमा को सुधारने की मांग किया था और चेतावनी दी गई थी कि 2 दिन के भीतर रंग रोपण का कार्य ना किए जाने पर संस्था द्वारा रंगरोपन तथा अनावरण करने का कार्य किया जाएगा। 2 दिन बीत जानें के उपरांत भी मूर्ति को सुधारने का कोई कार्य निगम प्रशासन द्वारा नहीं किए जाने पर भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारा को लगाते हुए   शहीद राजगुरु एवं शहीद सुखदेव के मूर्ति को गोल्डन सुनहरे कलर से रंगरोपन करने का कार्य किया गया। इस मौके पर राजू गुप्ता, रोशन गुजराती, विजय गुजराती, पोटिया राव, मोहन रेड्डी, रहबर खान, नरेन्द्र मोहड़ आदि मौजूद थे।