अज्ञात महिला का शव मिला, हाथ पर विनोद शर्मा नाम का टैटू


भिलाई। दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसादा खार में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह शव केवल्य धाम के पीछे मिला है। सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव की स्थिति को देखते हुए अनुमान है कि महिला की मृत्यु लगभग 10 से 15 दिन पहले हुई होगी। अधिक समय बीत जाने के कारण तत्काल पहचान संभव नहीं हो सकी है।

इस मामले में थाना कुम्हारी में मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि महिला के हाथ पर विनोद शर्मा नाम का टैटू अंकित है। यह टैटू पहचान का महत्वपूर्ण आधार हो सकता है। घटनास्थल से महिला के पहने हुए कपड़े, चूड़ी, कंगन और चप्पल बरामद किए गए हैं। इन वस्तुओं की तस्वीरें पहचान के उद्देश्य से साझा की जा रही हैं, ताकि परिजन या परिचित आगे आकर जानकारी दे सकें। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को इस हुलिए या टैटू के आधार पर महिला की पहचान के संबंध में कोई जानकारी हो, तो तत्काल थाना कुम्हारी से संपर्क करें। मामले की विवेचना जारी है और हर पहलू से जांच की जा रही है।