दुबई एयरपोर्ट पर Bigg Boss फेम अब्दु रोजिक गिरफ्तार, चोरी के आरोप में हिरासत में लिए गए

Bigg Boss 16 फेम ताजिकिस्तानी सिंगर अब्दु रोजिक को दुबई एयरपोर्ट पर चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया। जांच जारी, प्रशासन ने नहीं दी सफाई।

दुबई एयरपोर्ट पर Bigg Boss फेम अब्दु रोजिक गिरफ्तार, चोरी के आरोप में हिरासत में लिए गए

नई दिल्ली। 'Bigg Boss 16' से भारत में मशहूर हुए ताजिकिस्तानी सिंगर और सोशल मीडिया स्टार अब्दु रोजिक को शनिवार को दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया। यह खबर सामने आते ही उनके फैंस के बीच चिंता की लहर दौड़ गई है। 

खलीज टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अब्दु रोजिक मोंटेनेग्रो से दुबई पहुंचते ही हिरासत में लिए गए। हालांकि, गिरफ्तारी का कारण आधिकारिक रूप से सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन उनकी मैनेजमेंट टीम ने पुष्टि की है कि अब्दु पर चोरी के आरोप में यह कार्रवाई हुई है। हालांकि, मैनेजमेंट कंपनी ने मामले की गंभीरता और आरोपों की विस्तृत जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया है। दुबई प्रशासन की ओर से भी अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

अब्दु रोजिक एक लोकप्रिय ताजिकिस्तानी सिंगर और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर हैं। उनकी आवाज़, सादगी और मज़ेदार अंदाज ने सोशल मीडिया पर उन्हें एक खास पहचान दिलाई है। भारत में उनकी लोकप्रियता को चार चांद तब लगे जब वे Bigg Boss 16 में बतौर कंटेस्टेंट नज़र आए। गौरतलब है कि 2024 में भारत में भी अब्दु रोजिक से प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूछताछ की थी। यह पूछताछ एक हॉस्पिटैलिटी कंपनी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस के सिलसिले में की गई थी, हालांकि उन्हें उस वक्त मामले में आरोपी नहीं बनाया गया था। अब सभी की निगाहें दुबई प्रशासन के आधिकारिक बयान और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।