तांदुला नहर में बहे 17 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी का शव दूसरे दिन बरामद

12 सितंबर को तेज बहाव में बहा था शिवम यादव, सुबह 5:30 बजे से शुरू हुए सर्च ऑपरेशन में SDRF टीम को मिली सफलता

तांदुला नहर में बहे 17 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी का शव दूसरे दिन बरामद

भिलाई। सेलूद भाटापारा स्थित नहर में तेज बहाव में बहे 17 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी शिवम यादव का शव दूसरे दिन रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। रायपुर के गुढ़ियारी से कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आए शिवम के नहर में बहने की सूचना के बाद SDRF दुर्ग की टीम ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया था। बताया जाता है कि पैर धोने के दौरान काई की वजह से उसका संतुलन बिगड़ा और वह नहर के तेज बहाव में चला गया।

12 सितंबर को शिवम के नहर में बहने की सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर SDRF दुर्ग की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। नहर में गहरा जलस्तर और तेज बहाव होने के बावजूद टीम ने दिनभर सघन खोज एवं बचाव अभियान चलाया। हालांकि पहले दिन शिवम का पता नहीं चल सका। दूसरे दिन 13 सितंबर की सुबह 5:30 बजे SDRF टीम ने दोबारा सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लगातार तलाश के दौरान टीम को सफलता मिली और शिवम का शव नहर से बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू के बाद आवश्यक पंचनामा और अन्य वैधानिक कार्रवाई के लिए शव थाना उतई पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कबड्डी खेलने रायपुर से आया था शिवम

शिवम यादव, उम्र 17 वर्ष, गुढ़ियारी रायपुर का निवासी था। वह उतई क्षेत्र में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने आया था। इसी दौरान सेलूद भाटापारा स्थित नहर में हादसा हो गया। शिवम के नहर में बहने की घटना के बाद प्रतियोगिता स्थल पर हड़कंप मच गया था। साथी खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने भी उसकी तलाश में मदद की। बाद में SDRF की टीम ने मोर्चा संभालते हुए लगातार दो दिन सर्च ऑपरेशन चलाया और रविवार सुबह शव बरामद कर लिया।