सब्बल से लगातार वार कर युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
आशोगा गांव में आपसी विवाद के बाद वारदात, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया; हत्या में इस्तेमाल सब्बल बरामद

रानीतराई। ग्राम आशोगा में आपसी विवाद के दौरान एक व्यक्ति पर सब्बल से लगातार हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात की सूचना मिलते ही रानीतराई पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तत्काल पतासाजी करते हुए आरोपी भूपेन्द्र टंडन को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक घटना 11 सितंबर 2026 को ग्राम आशोगा में हुई। मृतक कमता कोसरे और आरोपी भूपेन्द्र टंडन के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने सब्बल से कमता कोसरे पर लगातार प्रहार कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह बुरी तरह घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही रानीतराई पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घायल कमता को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी भूपेन्द्र टंडन, निवासी ग्राम आशोगा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एक सब्बल भी बरामद कर जब्त किया है।
