गैंग हिस्ट्रीशीटरों पर दुर्ग पुलिस का शिकंजा, 50 का बाइंड ओवर और MCU
2100 से ज्यादा आदतन बदमाशों का MCU पूरा, हिस्ट्रीशीट और वर्तमान गतिविधियों का रिकॉर्ड भी खंगाला

दुर्ग। जिले में अपराध की पुनरावृत्ति रोकने और आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए दुर्ग पुलिस ने गैंग हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के दौरान करीब 50 गैंग हिस्ट्रीशीटरों का बाइंड ओवर और MCU कराया गया। साथ ही उनके आपराधिक रिकॉर्ड और मौजूदा गतिविधियों से जुड़ी जानकारियों का सत्यापन कर पुलिस रिकॉर्ड अपडेट किया गया।
पुलिस के मुताबिक 12 सितंबर की रात से जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने सक्रिय और स्थाई गैंग हिस्ट्रीशीटरों की पहचान कर उनकी जांच की। उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, वर्तमान गतिविधियों और पुलिस अभिलेखों में दर्ज जानकारियों का सत्यापन किया गया। दुर्ग पुलिस के अनुसार जिले में अब तक करीब 2100 आदतन बदमाशों और गैंग हिस्ट्रीशीटरों का MCU कराया जा चुका है। पुलिस का उद्देश्य इन लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखना और किसी भी संभावित अपराध को वारदात में बदलने से पहले रोकना है। अभियान के तहत गैंग हिस्ट्रीशीटरों की हिस्ट्रीशीट और संबंधित रिकॉर्ड को अपडेट किया जा रहा है। उनकी वर्तमान गतिविधियों और संपर्क में रहने वाले लोगों से जुड़ी जानकारी भी पुलिस स्तर पर सत्यापित की जा रही है। जरूरत के अनुसार संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार बाउंड ओवर की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का मानना है कि आदतन अपराधियों का रिकॉर्ड लगातार अपडेट रहने से उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखना आसान होगा। किसी आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर पुराने रिकॉर्ड और वर्तमान गतिविधियों को जोड़कर पुलिस तेजी से कार्रवाई कर सकेगी। अभियान में जिले के विभिन्न थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें लगी हैं। टीमों द्वारा गैंग हिस्ट्रीशीटरों की पहचान, चेकिंग, रिकॉर्ड सत्यापन, MCU और बाउंड ओवर की कार्रवाई की जा रही है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आसपास किसी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आदतन बदमाशों तथा गैंग हिस्ट्रीशीटरों पर निगरानी और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
