नाबालिग को धमकाकर 14.50 लाख रुपये और 450 ग्राम सोना ऐंठने का आरोप, पुलिस कर्मी का पुत्र समेत चार गिरफ्तार

नाबालिग को धमकाकर 14.50 लाख रुपये और 450 ग्राम सोना ऐंठने का आरोप, पुलिस कर्मी का पुत्र समेत चार गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग को कथित रूप से डराकर लाखों रुपये और सोने के जेवरात ऐंठने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आयुष यादव समेत चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर नाबालिग से करीब 14.50 लाख रुपये नकद और लगभग 450 ग्राम सोने के जेवरात लेने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, सरकंडा थाना क्षेत्र निवासी एक बुजुर्ग ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पोती को कुछ युवकों ने लगातार डराया-धमकाया और मानसिक दबाव बनाकर उससे बड़ी रकम वसूल ली। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने एटीएम, फोन-पे और अन्य माध्यमों से लगभग 14 लाख 50 हजार रुपये हासिल किए। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने नाबालिग को भयभीत कर घर में रखे करीब 450 ग्राम सोने के जेवरात भी अपने कब्जे में ले लिए। इतना ही नहीं, परिवार की छोटी पोती को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकंडा थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक अचानक बड़ी मात्रा में पैसे खर्च कर रहे हैं। इसी आधार पर पुलिस ने संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और तकनीकी जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में आयुष यादव (22 वर्ष), आदर्श शर्मा (19 वर्ष), प्रिंस साहू (18 वर्ष) और आदित्य पांडे (19 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी आयुष यादव के पिता पुलिस विभाग में सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) के पद पर कार्यरत हैं। वहीं जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी अन्य शिकायतें मिल चुकी हैं। पुलिस का कहना है कि आयुष यादव अपने साथियों के साथ मिलकर एक गिरोह बनाकर इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने इससे पहले ऐसी कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

नोट: यह समाचार पुलिस में दर्ज शिकायत और पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है और आरोपियों का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।