लाखों की ठगी करने वाले आरोपी पुलिस गिरफ्त में 

रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर लेता था रुपए

लाखों की ठगी करने वाले आरोपी पुलिस गिरफ्त में 

बिलासपुर। कई लोगों से 45 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से बचने आरोपी बार-बार अपना लोकेशन बदल रहा था और हुलिया भी बदल लिया था। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है।
हेमुनगर निवासी भरत यादव और प्रकाश यादव ने पुलिस से शिकायत की थी कि कुछ समय पहले उनकी पहचान रायगढ़ के रहने वाले आशीष पात्रो (32 वर्ष) से हुई थी। तब आशीष ने कहा था कि उसकी रेलवे में पहचान है। वो उन दोनों की नौकरी लगवा देगा। इसके लिए 8 लाख रुपए लगेंगे। ये जानने के बाद भरत यादव और प्रकाश यादव ने मिलकर करीब 8 लाख रुपए आशीष को दिए थे। पैसे देने के बाद दोनों ने उससे कई बार संपर्क किया। मगर बात नहीं हो सकी। फिर जब बात हुई तो उसने बहाना बनाना शुरू कर दिया था। जिसके बाद दोनों को पता चला है कि उनके साथ ठगी हुई है। फिर मामले की शिकायत पुलिस से की गई थी।
पुलिस ने इस केस में आरोपी की तलाश शुरू की। उसके खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। पुलिस ने उसे नंबर से ट्रेस करने का प्रयास किया था। नंबर ट्रेस करने पर कभी उसका लोकेशन ओडिशा के बृजराजनगर में बता रहा था तो कभी रायगढ़। इस पर पुलिस उस पर नजर बनाई हुई थी। जिसके बाद पुलिस को यह कंफर्म हुआ कि आरोपी रायगढ़ में ही है तो मौके पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के पास से कुल 1 लाख रुपए कैश, लैपटॉप और एटीएम जब्त किया गया है।