20 लाख का फर्जी लोन घोटाला, महिला के नाम पर कई बैंकों से लिया लोन


भिलाई। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एक महिला के नाम पर वर्षों तक फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंक ऋण लेकर लाखों रुपये की आर्थिक ठगी की गई। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

प्रार्थिया अख्तरी बेगम, उम्र 57 वर्ष, निवासी चरोदा ने शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2006 में मकान निर्माण के संबंध में उन्होंने अपने परिचित एल. महेश्वर राय को जानकारी दी थी। आरोप है कि इसी जानकारी का दुरुपयोग कर उनके नाम और संपत्ति के आधार पर करीब 20 लाख रुपये का ऋण लिया गया। इस ऋण की मासिक किश्त 20,220 रुपये उनके वेतन से कटती रही।

मामला यहीं नहीं रुका। वर्ष 2021 में भारतीय स्टेट बैंक पदुमनगर चरोदा से 5,80,000 रुपये और फरवरी 2025 में रेलवे अर्बन बैंक से 5,80,000 रुपये का ऋण भी उनके नाम पर लिया गया। इनकी किश्तें क्रमशः 5,400 रुपये और 22,450 रुपये प्रतिमाह कटती रहीं।
पुलिस जांच में सामने आया कि एल. महेश्वर राय की दुर्घटना के बाद आरोपी के. सांईवारा ने प्रार्थिया के बैंक दस्तावेज, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक, आधार, पैन, मतदाता पहचान पत्र और मोबाइल सिम अपने पास रख लिए। वर्ष 2021 से 2025 के बीच एटीएम और चेक के माध्यम से लगभग 5 लाख रुपये की राशि खातों से निकाली गई। इनमें से 80 हजार रुपये आरोपी की माता के खाते में तथा शेष राशि परिचितों के खातों में ट्रांसफर की गई।
प्रकरण में अपराध क्रमांक 95/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) में मामला दर्ज कर विवेचना की गई। पुलिस ने आरोपी के. सांईवारा, उम्र 37 वर्ष, निवासी पंचशील नगर, पुरानी भिलाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
जांच के दौरान बैंक दस्तावेज, एटीएम कार्ड, चेकबुक और संबंधित लेनदेन विवरण जप्त किए गए हैं।