AI से बनाया कलेक्टर का फर्जी आदेश, आबकारी विभाग को ही दे आए धोखा, जब्त बाइक छुड़ाने पहुंचे दो आरोपी गिरफ्तार
सरकारी आदेश की नकल कर तैयार किया कूटरचित दस्तावेज, सत्यापन में खुल गई पोल; पुलिस ने मोबाइल और फर्जी आदेश किया जब्त।


भिलाई। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल अब अपराधी भी फर्जीवाड़े के लिए करने लगे हैं। भिलाई में ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो युवकों ने AI की मदद से दुर्ग कलेक्टर के नाम से फर्जी सरकारी आदेश तैयार कर लिया। इसके बाद इसी आदेश को असली बताकर आबकारी विभाग में पेश कर दिया, ताकि आबकारी प्रकरण में जब्त अपनी मोटरसाइकिल छुड़ाई जा सके। हालांकि, दस्तावेजों के सत्यापन में फर्जीवाड़े का खुलासा हो गया। भिलाई भट्ठी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जब्त बाइक छुड़ाने के लिए रची फर्जीवाड़े की साजिश
पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर 2026 को जय कुमार आडिल और युगल किशोर शर्मा आबकारी नियंत्रण कक्ष, सेक्टर-1 भिलाई पहुंचे थे। दोनों ने वर्ष 2025 के आबकारी प्रकरण में जब्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 B 15687 (होंडा HF डिलक्स) को सुपुर्दनामा पर वापस लेने के लिए कलेक्टर दुर्ग के नाम से जारी एक आदेश प्रस्तुत किया।
आबकारी कार्यालय के अधिकारियों को दस्तावेज पर संदेह हुआ। जब आदेश का परीक्षण और संबंधित स्तर पर सत्यापन कराया गया तो पता चला कि कलेक्टर के नाम से जारी आदेश पूरी तरह फर्जी और कूटरचित है। इसके बाद मामले की शिकायत थाना भिलाई भट्ठी में दर्ज कराई गई।
AI की मदद से तैयार किया था फर्जी सरकारी आदेश
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने AI की मदद से कलेक्टर दुर्ग के नाम से फर्जी शासकीय आदेश तैयार किया था। इसी दस्तावेज के जरिए आबकारी विभाग से जब्त मोटरसाइकिल छुड़ाने की कोशिश की गई थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और कलेक्टर दुर्ग के नाम से तैयार फर्जी आदेश की प्रति जब्त की है।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपियों की पहचान जय कुमार आडिल उर्फ पप्पू (32 वर्ष), निवासी ग्राम मोहरेंगा, सतनामी पारा और युगल किशोर शर्मा उर्फ राजा (40 वर्ष), निवासी ग्राम मोहरेंगा, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग के रूप में की है।
दोनों को 14 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र नाथ दुबे सहित पुलिस टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।