वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से भीषण विस्फोट, कई मजदूरों की मौत की आशंका, 30 से अधिक झुलसे

वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से भीषण विस्फोट, कई मजदूरों की मौत की आशंका, 30 से अधिक झुलसे

सक्ती। जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर एक भीषण हादसा हो गया। प्लांट में लगे बॉयलर के अचानक फटने से जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए। करीब 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जबकि 7 से 10 मजदूरों की मौके पर ही मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मृतकों और घायलों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है। हादसे के बाद प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया और कामकाज प्रभावित हुआ। मौके पर प्लांट प्रबंधन के अधिकारी भी पहुंच गए हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल, विस्फोट के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर बॉयलर में तकनीकी खराबी या दबाव बढ़ने को वजह माना जा रहा है। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं।