शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव की घोषणा के 24 घंटे में कार्रवाई, सेलूद कन्या विद्यालय में प्रार्थना शेड के लिए 10 लाख मंजूर

दुर्ग। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेलूद की छात्राओं की मांग पर शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विद्यालय में प्रार्थना शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। खास बात यह है कि शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के समक्ष विद्यार्थियों द्वारा आवश्यकता बताने के महज 24 घंटे के भीतर स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।
लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ की ओर से 6 अक्टूबर को प्रार्थना शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति का आदेश जारी किया गया। शेड का निर्माण ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के माध्यम से कराया जाएगा।
विद्यार्थियों से संवाद के दौरान रखी थी मांग
उल्लेखनीय है कि स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव सोमवार को दुर्ग जिले के ग्राम फेकारी में आयोजित सेवा सेतु शिविर में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम से लौटते समय उन्होंने सेलूद चौक स्थित हाईस्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पढ़ाई, तिमाही परीक्षा की तैयारी और खेलकूद सहित विद्यालय से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी मंत्री को दी। इसी दौरान छात्राओं ने विद्यालय में प्रार्थना शेड और मंच निर्माण की आवश्यकता बताई। विद्यार्थियों की मांग को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अगले ही दिन 6 अक्टूबर को लोक शिक्षण संचालनालय ने 10 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी।
प्रार्थना सभा के साथ अन्य आयोजनों में भी होगा उपयोग
प्रार्थना शेड बनने के बाद छात्राओं को प्रतिदिन होने वाली प्रार्थना सभा के लिए व्यवस्थित स्थान मिलेगा। इसके अलावा शैक्षणिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और अन्य सामूहिक कार्यक्रम भी यहां आयोजित किए जा सकेंगे। गर्मी के मौसम में तेज धूप और बारिश के दौरान भी छात्राओं को सुरक्षित स्थान उपलब्ध होगा। विद्यालय के सामूहिक आयोजनों के लिए भी यह शेड उपयोगी साबित होगा।
विद्यालयों में अधोसंरचना मजबूत करने पर जोर
प्रदेश सरकार की ओर से शासकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता के साथ आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। कक्षाओं के साथ प्रार्थना स्थल, मंच, खेल मैदान, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
