दुर्ग पुलिस का बड़ा एक्शन: ऑनलाइन गेमिंग सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस का बड़ा एक्शन: ऑनलाइन गेमिंग सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। जामुल थाना क्षेत्र के सुंदर विहार कॉलोनी फेस-2 में किराए के मकान में चल रहे इस हाईटेक सट्टा रैकेट पर पुलिस ने दबिश देकर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नालंदा स्कूल के पीछे स्थित एक मकान में ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर छापा मारा, जहां आरोपी मोबाइल और लैपटॉप के जरिए सट्टा खिलाते हुए पकड़े गए।

जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह ड्रैगन टाइगर, अंदर-बाहर, तीन पत्ती, टेनिस, फुटबॉल और रूलेट जैसे खेलों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहा था। ग्राहकों को इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए जोड़ा जाता था और उन्हें आईडी देकर सट्टा खेलने की सुविधा दी जाती थी।

गिरोह ने अवैध लेन-देन को छिपाने के लिए अलग-अलग सिम कार्ड और म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल किया। पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क में काम का बंटवारा तय था और कुछ बाहरी लोग भी तकनीकी रूप से इसे संचालित कर रहे थे।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹1 लाख नकद, 16 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 15 एटीएम कार्ड, 7 बैंक पासबुक, वाई-फाई उपकरण और लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस गिरोह के जरिए रोजाना 3 से 7 लाख रुपये तक का लेन-देन हो रहा था और कुल कारोबार करोड़ों में पहुंच चुका था।

पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 185/2026 के तहत धारा 318(4) BNS और छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

आरोपी का विवरण -

1. पोषण निषाद, उम्र 26 वर्ष, निवासी अंजोरा

2. योगेश कुमार विश्वकर्मा, उम्र 22 वर्ष, निवासी जलेबी चैक, थाना छावनी

3. गौरव तिवारी, उम्र 26 वर्ष, निवासी कबीर नगर, रायपुर

4. संजय कुमार जायसवाल, उम्र 26 वर्ष, निवासी कैम्प-1 जलेबी चैक

5. चुनेश निषाद, उम्र 20 वर्ष, निवासी श्याम नगर, थाना छावनी

6. विक्रम सिंह उर्फ विक्की, उम्र 30 वर्ष, निवासी न्यू बसंत टॉकीज़ के पास थाना छावनी

7. उदल हमणे, उम्र 19 वर्ष, निवासी न्यू बसंत टॉकीज़ के पास थाना छावनी