ACB की बड़ी कार्रवाई, रेंजर और डिप्टी रेंजर 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

ACB की बड़ी कार्रवाई, रेंजर और डिप्टी रेंजर 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

मुंगेली। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में एसीबी बिलासपुर की टीम ने मुंगेली जिले के अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुरही रेंज में ट्रैप कार्रवाई करते हुए रेंजर और डिप्टी रेंजर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, सुरही रेंज में पदस्थ रेंजर पल्लव नायक और डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव ने चालान जल्द पेश करने और जब्त वाहन छोड़ने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। इस संबंध में लोरमी निवासी अजीत कुमार वैष्णव ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। बताया गया कि दिसंबर 2025 में अजीत कुमार अपने साथियों के साथ सुरही रेंज गया था, जहां बनाई गई एक रील सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इसके बाद वन विभाग ने वाहन जब्त कर लिया और संबंधित लोगों को करीब 18 दिन जेल में रहना पड़ा।

जेल से छूटने के बाद अजीत कुमार ने चालान जल्दी पेश कराने के लिए डिप्टी रेंजर से संपर्क किया, जिस पर 4-5 लाख रुपये खर्च आने की बात कही गई और वाहन छोड़ने के लिए 70 हजार रुपये रिश्वत मांगी गई। शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने 26 मार्च 2026 को ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। प्रार्थी को कोटा स्थित मित्र मिलन रेस्टोरेंट भेजा गया, जहां उसने डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव को 50 हजार रुपये की पहली किश्त दी। जैसे ही उसने रकम ली, एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद रेंजर पल्लव नायक की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई। जांच में सामने आया कि उन्होंने भी रिश्वत की मांग की थी। एसीबी ने मनीष श्रीवास्तव से रिश्वत की राशि बरामद कर ली है और दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।